July 31, 2026

रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में निगम की कार्रवाई, नाली पर बना अवैध कब्जा हटाया

रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को निगम की टीम पंडरी स्थित पुराने प्रकाश होजियरी होलसेल शॉप पहुंची, जहां नाली को ढंककर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली के ऊपर पाटा बनाकर उस पर कब्जा कर लिया था। इस संबंध में स्थानीय बस्तीवासियों ने नगर निगम से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि नाली ढंकी होने के कारण उसकी नियमित सफाई नहीं हो पाती, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होती है और आसपास की बस्ती में जलभराव की समस्या पैदा हो जाती है।

शिकायत के आधार पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। निगम अधिकारियों ने बताया कि नाली पर किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध था, इसलिए उसे हटाया जा रहा है।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक नालियों और शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।