रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में एक मकान से लाखों रुपये कीमत की हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का अवैध भंडारण पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी अशोक मदनी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने नशे के काले कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सख्त निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और लगातार पेट्रोलिंग एवं सूचना संकलन किया जा रहा था।
रेड कार्रवाई और बरामद सामग्री
31 जनवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि खम्हारडीह क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर में एक व्यक्ति अपने मकान में हुक्का और प्रतिबंधित हुक्का सामग्री का अवैध भंडारण कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृतिक राजनाला और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) आकाश मरकाम के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान पर दबिश दी। मौके पर उपस्थित आरोपी ने अपना नाम अशोक मदनी बताया। तलाशी लेने पर मकान से हुक्का पॉट, गोगो पेपर, रोलिंग पेपर, हुक्का फ्लेवर सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।
पुलिस द्वारा आरोपी से सामग्री रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग 1 लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित हुक्का सामग्री जब्त की गई।
कानूनी कार्रवाई
मामले में थाना खम्हारडीह में अपराध क्रमांक 31/25, धारा 4(क) कोटपा एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी का नाम:
अशोक मदनी, पिता स्व. बालू कुमार (59 वर्ष), निवासी राजीव नगर, थाना खम्हारडीह, रायपुर।





