September 4, 2026

रायपुर में 1.13 करोड़ की ठगी से खुला अंतरराज्यीय गिरोह का राज, 4 करोड़ कैश के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में 1.13 करोड़ रुपये की ठगी के मामले की जांच करते हुए पुलिस ने देशभर में सक्रिय एक बड़े अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में दबिश देकर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक कैश, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स समेत ठगी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री और दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह वर्ष 2005 से सक्रिय है और देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से ज्यादा लोगों को निशाना बनाकर अरबों रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपी लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने और काले नोटों को केमिकल के जरिए असली भारतीय मुद्रा में बदलने का झांसा देते थे।

1.13 करोड़ की ठगी से खुला गिरोह का राज

मामला थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 330/2026 और BNS की धारा 318(4), 61(2) से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस ने पहले नागपुर से दो महिला आरोपियों कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय और दीपिका पॉलीवाल को गिरफ्तार किया था।

दोनों के कब्जे से मोबाइल फोन, 26 हजार रुपये नगद, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड समेत करीब 70 हजार रुपये की सामग्री बरामद हुई थी। पूछताछ और मोबाइल फोन में मौजूद चैट, संपर्क नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों के तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में सुराग मिले। इसके आधार पर आरोपियों की लोकेशन पुणे में मिली।

खंडाला के रिसॉर्ट में रकम दोगुनी करने का झांसा

पुलिस टीम ने पुणे पहुंचकर करीब एक सप्ताह तक आरोपियों की गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रखी। इसी दौरान खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट में गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी की जानकारी मिली।

पुलिस ने रिसॉर्ट में दबिश दी तो वहां 7 आरोपी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी करते हुए मिले। पुलिस के मुताबिक, वाराणसी निवासी पीड़ित करोड़ों रुपये लेकर रिसॉर्ट पहुंचा था और रकम दोगुनी करने के लालच में आरोपियों को पैसे सौंप चुका था। इसी दौरान पुलिस ने आरोपियों को रकम लेते हुए पकड़ लिया।

सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया।

4 करोड़ से ज्यादा कैश और 17 मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 करोड़ रुपये से अधिक नकद, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेट्स और ठगी में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। इससे गिरोह के ठगी करने के तरीके और दूसरे मामलों में उसकी संलिप्तता के बारे में और जानकारी सामने आने की संभावना है।

‘ब्लैक करेंसी’ के नाम पर ऐसे करते थे ठगी

पुलिस की जांच में गिरोह के ठगी करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताते थे। इसके बाद पीड़ितों को बड़े निवेश, फंड स्वीकृति, विदेशी परीक्षण, सुरक्षा अनुमति और विशेष केमिकल जैसी बातों में उलझाया जाता था।

आरोपी पीड़ितों को बड़े होटलों या अन्य स्थानों पर बुलाकर नकली केमिकल प्रक्रिया का प्रदर्शन करते थे। दावा किया जाता था कि काले रंग से ढके नोटों को विशेष केमिकल और विदेशी तकनीक की मदद से असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है।

इस फर्जी प्रदर्शन के जरिए पीड़ित का भरोसा जीतने के बाद उससे अलग-अलग किश्तों में बड़ी रकम वसूली जाती थी। कभी विदेशी केमिकल, कभी हाई-पावर केमिकल, विदेशी परीक्षण, अधिकारियों की अनुमति और फंड रिलीज के नाम पर लगातार पैसे ऐंठे जाते थे। पुलिस ने इसे ‘Wash & Wash/Black Currency Scam’ की पद्धति बताया है।

खुद को ‘डी ग्रुप कंपनी’ से जुड़ा बताते थे

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ितों पर प्रभाव बनाने के लिए खुद को ‘डी ग्रुप कंपनी (दाऊद ग्रुप)’ से जुड़ा बताते थे। गिरोह के सदस्यों को उनकी भूमिका के हिसाब से ‘कैप्टन’ और ‘बड़े सर’ जैसे नामों से संबोधित किया जाता था।

पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी बड़े नेताओं और फिल्मी कलाकारों के साथ अपनी तस्वीरें भी दिखाते थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के मुख्य सदस्यों के साथ निजी गनमैन भी रहते थे, ताकि पीड़ितों पर प्रभाव और दबाव बनाया जा सके।

आरोपी पीड़ितों को दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, हरियाणा, आगरा, राजस्थान, गुजरात और नागपुर समेत अलग-अलग शहरों के बड़े होटलों में बुलाते थे।

गिरोह के तीन मुख्य सरगना

पुलिस के मुताबिक, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी और मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर गिरोह के प्रमुख सदस्यों में शामिल हैं।

प्रवीण कुमार गिरोह में ‘कैप्टन’ की भूमिका निभाता था, जबकि मनोज कुमार को ‘बड़े सर’ के नाम से संबोधित किया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की भी अलग-अलग जिम्मेदारियां तय थीं और ठगी से हासिल रकम का आपस में प्रतिशत के आधार पर बंटवारा किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव और मनोज कुमार श्रीवास्तव पहले भी ठगी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें पहले गिरफ्तार दोनों महिला आरोपियों के अलावा पुणे से पकड़े गए सात आरोपी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर देश के अलग-अलग राज्यों और शहरों में की गई ठगी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

  • ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, 46 वर्ष, निवासी गुड़गांव, हरियाणा, हाल मुकाम नालासोपारा, मुंबई।
  • प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन उर्फ शेट्टी उर्फ रेड्डी, 52 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  • मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, 55 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  • विवेक सिंह, 48 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश।
  • शुभम पांडेय, 37 वर्ष, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल मुकाम मुंबई।
  • योगेन्द्र चौहान, 48 वर्ष, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश।
  • बालमुकुंद दीक्षित, 40 वर्ष, निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश।

रायपुर पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के नेटवर्क, ठगी की कुल रकम, अन्य पीड़ितों और देशभर में सक्रिय इसके सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।