रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से रायपुर तक फैले अंतर्राज्यीय हेरोइन सप्लाई सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 56.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह नेटवर्क पंजाब से रायपुर तक संगठित तरीके से हेरोइन सप्लाई कर रहा था। कार्रवाई थाना कबीर नगर क्षेत्र में दर्ज NDPS एक्ट के मामलों के तहत की गई।
खुदरा सप्लाई नेटवर्क से शुरू हुई जांच
डीसीपी (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल (IPS) के नेतृत्व में कबीर नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और युवक एक्टिवा से जरीवाय स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 9.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पंजाब कनेक्शन का खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि उन्हें हेरोइन पंजाब के गुरदासपुर निवासी चरणजीत सिंह उर्फ सोनू से मिली थी। तकनीकी सर्विलांस और पंजाब स्थित मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि चरणजीत सिंह फिर से रायपुर में हेरोइन की खेप पहुंचाने आने वाला है।
पुलिस के अनुसार, चरणजीत सिंह पंजाब से रायपुर में “चिट्टा” सप्लाई करने वाला मुख्य तस्कर है। वह पहले भी कबीर नगर थाना के एक मामले में करीब 400 ग्राम हेरोइन जब्ती प्रकरण में फरार था। इसके अलावा आमानाका थाना में 150 ग्राम हेरोइन के साथ उसकी गिरफ्तारी हो चुकी थी। जमानत पर रिहा होने के बाद भी वह तस्करी में सक्रिय था।
पुलिस ने बताया कि उसका भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी भी इसी नेटवर्क से जुड़ा है, जिसे टिकरापारा थाना क्षेत्र में 450 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
मुख्य सरगना रायपुर से गिरफ्तार
कबीर नगर पुलिस ने चरणजीत सिंह की निगरानी शुरू की और रायपुर आगमन की सूचना मिलते ही सोनडोंगरी तालाब के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 47 ग्राम हेरोइन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूरी सप्लाई चेन ध्वस्त
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं बल्कि एंड-टू-एंड जांच का परिणाम है। खुदरा स्तर से शुरू हुई कार्रवाई के बाद तकनीकी सर्विलांस और अंतर्राज्यीय खुफिया समन्वय के जरिए पूरी सप्लाई लाइन का खुलासा किया गया।
इस कार्रवाई में सप्लाई चेन के तीनों स्तरों को निशाना बनाया गया —
- खुदरा वितरण : रहीना कौर और करनदीप सिंह
- मुख्य अंतर्राज्यीय सप्लायर : चरणजीत सिंह उर्फ सोनू
- सहयोगी तस्कर : लवजीत सिंह उर्फ बंटी
पुलिस का दावा है कि पंजाब से रायपुर तक सक्रिय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- रहीना कौर (38 वर्ष), वीर सावरकर नगर, हीरापुर, रायपुर
- करनदीप सिंह मान (22 वर्ष), गुरुसागर नगर, आमानाका, रायपुर
- चरणजीत सिंह उर्फ सोनू (44 वर्ष), जिला गुरदासपुर, पंजाब
अब तक 83 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद वेस्ट जोन में NDPS एक्ट के तहत 44 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें अब तक 83 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य पैडलर्स की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी जारी है।





