रायपुर: होली पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस ने शुक्रवार रात 10 बजे से 1 बजे तक तीन घंटे का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 154 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और कुल 15 लाख 40 हजार रुपए का चालान काटा गया।
अधिकारियों की टीम और चेकिंग प्वाइंट: पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात/प्रोटोकॉल दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त सतीश ठाकुर, सुरेन्द्र साय पैकरा, रमेश येरेवार, गुरजीत सिंह और सीमा अहिरवार ने शहर के आठ प्रमुख स्थानों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए।
जांच में पाए गए वाहन: 64 कार, 65 मोटरसायकल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रेक्टर और 1 ई-रिक्शा वाहन जप्त किए गए। सभी वाहन यातायात मुख्यालय और थानों में सुरक्षार्थ रखे गए हैं। नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
आगे की कार्रवाई: सभी प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जहां प्रत्येक प्रकरण में 10,000 रुपए न्यूनतम अर्थदंड लगाया जाएगा। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और यातायात विभाग आगामी दिनों में नियमित रूप से रात्रि में स्थान बदल-बदलकर चेकिंग प्वाइंट लगाकर शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की योजना बना रहे हैं।





