रायपुर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्पा सेंटरों के संचालन को निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 10 स्पा सेंटरों की गहन जांच की गई और संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना सरस्वती नगर, आजाद चौक और डीडी नगर की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। टीम ने पश्चिम क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्पा सेंटरों का आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और वैधानिक प्रावधानों का जायजा लिया।
जांच के दौरान कर्मचारियों के पहचान संबंधी दस्तावेज, आगंतुकों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अभिलेखों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से परीक्षण किया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि स्पा सेंटरों में किसी प्रकार की संदिग्ध या अवैध गतिविधि संचालित न हो।
निरीक्षण के दौरान स्पा संचालकों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, सभी अभिलेख अद्यतन रखने और सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि शासन के नियमों और दिशा-निर्देशों की अनदेखी या किसी भी अवैध गतिविधि के पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी।





