July 23, 2026

रायपुर में प्रदूषणकारी उद्योगों पर सख्त कार्रवाई, 94 को नोटिस, 82 को बंद करने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा रायपुर क्षेत्र में संचालित औद्योगिक इकाइयों की पर्यावरणीय अनुपालन को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। जल और वायु प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों पर कार्रवाई करते हुए नियमों के उल्लंघन पर कड़ी सख्ती बरती गई है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के अंतर्गत रायपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिलों में जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच व्यापक निरीक्षण और कार्रवाई की गई। इस दौरान 94 प्रदूषणकारी उद्योगों को नोटिस जारी किया गया, जबकि 82 उद्योगों को उत्पादन बंद करने या विद्युत विच्छेदन के निर्देश दिए गए।

इसी अवधि में 96 उद्योगों पर कुल 2 करोड़ 40 लाख 65 हजार 125 रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति राशि अधिरोपित की गई। वहीं कच्चे माल, उत्पाद और ठोस अपशिष्टों को बिना ढंके परिवहन करने वाले 136 उद्योगों और संस्थानों पर 51 लाख 2 हजार 323 रुपये का जुर्माना लगाया गया। फ्लाई ऐश के अवैध अपवहन और डंपिंग के मामलों में 2 उद्योगों पर 12 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी की गई।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी कार्रवाई, कई उद्योगों पर लगा जुर्माना

रायपुर। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को लेकर भी पर्यावरण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। नियमों के उल्लंघन पर एक उद्योग का उत्पादन बंद कराते हुए 87 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और उसके खिलाफ न्यायालय में परिवाद दायर किया गया। एक अन्य उद्योग पर 6 लाख 25 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई, जबकि दो अन्य उद्योगों के उत्पादन पर रोक लगाई गई।

रायपुर की वायु गुणवत्ता में सुधार, AQI 65 से घटकर 62 पर पहुंचा

रायपुर। शहर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए Continuous Ambient Air Quality Monitoring Stations और NAMP स्टेशन संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों के चलते वर्ष 2025 में रायपुर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 62.86 दर्ज किया गया, जो वर्ष 2024 के 65.38 की तुलना में बेहतर है।

यह सुधार लगभग 4 प्रतिशत का है और इसे संतोषजनक श्रेणी में रखा गया है। पर्यावरण संरक्षण मंडल ने कहा है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।