July 31, 2026

रायपुर प्रेस क्लब का बदलेगा स्वरूप, 1 करोड़ से होगा आधुनिकीकरण; बनेंगे मॉडर्न सभागार और लाइव स्टूडियो

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से रायपुर प्रेस क्लब भवन का जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण किया जाएगा। गुरुवार को जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल और रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रेस क्लब भवन का निरीक्षण कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रेस क्लब

निरीक्षण के दौरान भवन की वर्तमान जरूरतों का आकलन किया गया और आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप निर्माण, इंटीरियर, साज-सज्जा तथा आधारभूत ढांचे की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब पदाधिकारियों से सुझाव भी लिए गए, ताकि भवन को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा सके।

ये सुविधाएं होंगी विकसित

प्रस्तावित योजना के तहत प्रेस क्लब में कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिनमें शामिल हैं—

  • दो अत्याधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस सभागार
  • लाइव डिस्कशन स्टूडियो
  • गेमिंग जोन
  • ड्रॉइंग एवं लाउंज हॉल
  • आधुनिक इंटीरियर और बैठक व्यवस्था
  • जिम हॉल
  • सुविधायुक्त शौचालय
  • आकर्षक आउटर लैंडस्केपिंग

इस परियोजना का उद्देश्य राजधानी के पत्रकारों को आधुनिक, सुविधासंपन्न और गरिमापूर्ण कार्यस्थल उपलब्ध कराना है।

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने नगर निगम को जनसंपर्क विभाग और प्रेस क्लब के साथ समन्वय बनाकर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराने का भरोसा दिलाया।

अध्यक्ष ने बताया महत्वपूर्ण उपलब्धि

रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने प्रेस क्लब की वर्तमान आवश्यकताओं और प्रस्तावित जीर्णोद्धार की जानकारी देते हुए कहा कि राजधानी की गरिमा के अनुरूप प्रेस क्लब का आधुनिक स्वरूप विकसित करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की स्वीकृति पत्रकार समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

निरीक्षण के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।