May 18, 2026

रायपुर का ‘प्रोजेक्ट अजा’ राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित, ET GovTech Awards 2026 में मिला अवॉर्ड

रायपुर: जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट अजा’ को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। The Economic Times द्वारा आयोजित The Economic Times GovTech Awards 2026 में इस योजना को “एग्रीटेक फॉर फार्मर एम्पावरमेंट” श्रेणी में सम्मानित किया गया है।

नई दिल्ली में आयोजित समारोह में रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को यह पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान जिले में किसानों और विशेषकर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहा ‘प्रोजेक्ट अजा’
‘प्रोजेक्ट अजा’ के तहत ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। योजना में महिला समूहों को बकरी पालन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

इस योजना के तहत महिला हितग्राहियों को 10 बकरियां और 2 बकरे दिए जाते हैं, जिससे वे स्वरोजगार अपनाकर सालाना 1 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं। इसके अलावा मुर्गी पालन और गोबर खाद से भी अतिरिक्त आमदनी हो रही है।

‘पशु सखी’ से मिल रहा तकनीकी सहयोग
योजना के अंतर्गत “पशु सखी” कैडर का गठन किया गया है, जो पशुपालकों को प्रशिक्षण, टीकाकरण, नस्ल सुधार और आधुनिक पशुपालन की जानकारी देता है।

यह पहल विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में संचालित हो रही है।

इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने कहा कि यह सम्मान पूरी टीम और लाभान्वित हितग्राहियों के प्रयासों का परिणाम है और इससे महिलाओं को आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।