रायपुर। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ को अंगदान और देहदान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने इस परियोजना के सफल संचालन और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर परियोजना के तहत अंगदान और देहदान करने वाले दानदाताओं का भी सम्मान किया गया।
राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम में कहा कि अंगदान वास्तव में महादान है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस मानवसेवा के कार्य से जुड़ना चाहिए।
उन्होंने देहदान के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि यह चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए अत्यंत उपयोगी है। इससे मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की संरचना समझने में मदद मिलती है और शोध कार्यों को नई दिशा मिलती है।
यह परियोजना मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को अंगदान और देहदान के लिए प्रेरित करना और इस क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता बढ़ाना है।
जिला प्रशासन के अनुसार, ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ के तहत अब तक 86 लोगों ने अंगदान और देहदान का संकल्प लिया है, जिनमें 65 ने देहदान और 21 ने अंगदान का संकल्प लिया है। इस पहल को समाज में सकारात्मक बदलाव और मानवता की सेवा के रूप में देखा जा रहा है।





