रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी की टिप्पणी को “अशोभनीय और आपत्तिजनक” बताया है। सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक हताशा और दिवालियापन को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं के खिलाफ “गद्दार” जैसे शब्दों का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान न केवल देश की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का भी अपमान करते हैं।
सीएम साय ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस नेतृत्व हताश हो चुका है और इसी कारण इस तरह की भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से मजबूती से मुकाबला किया है और वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है।
इधर विवाद की शुरुआत राहुल गांधी के उस बयान से हुई, जो उन्होंने रायबरेली में एक जनसभा के दौरान दिया था। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें “गद्दार” कहा था। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि भाजपा-आरएसएस देश की संवैधानिक संस्थाओं और महान नेताओं के विचारों पर हमला कर रहे हैं।





