रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए लगातार टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और यात्रियों को सही कोच में यात्रा करने के प्रति जागरूक करना है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में 29 जनवरी को रिसामा स्टेशन पर एंबुश टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने के 154 मामलों से 45,525 रुपये तथा एक धूम्रपान के मामले में 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इस तरह कुल 155 मामलों से 45,725 रुपये का राजस्व रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग को प्राप्त हुआ। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, 3 मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, 1 वाणिज्य निरीक्षक, 1 उप स्टेशन प्रबंधक सहित 14 टिकट चेकिंग स्टाफ शामिल रहा। लोकल ट्रेनों में सघन जांच की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान उचित टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट अवश्य खरीदें तथा रेल परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें।





