रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने टिकटधारी यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने तथा बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से 21 मई से 4 जून 2026 तक विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” चलाया। 15 दिनों तक चले इस अभियान में कुल 2,836 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 18.09 लाख रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया।
15 दिनों तक चला विशेष अभियान
यह अभियान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक बिजय कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के मार्गदर्शन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में टिकट जांच की व्यापक कार्रवाई की गई।
2,836 मामलों में कार्रवाई, 18 लाख से अधिक वसूली
अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट, बिना बुक किए गए सामान के परिवहन और रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने जैसे मामलों में कुल 2,836 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इससे रेलवे को कुल 18,09,165 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रायपुर और भाटापारा स्टेशन पर विशेष जांच
4 जून को रायपुर और भाटापारा रेलवे स्टेशन पर विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक और टीटीई की टीमों ने ट्रेनों एवं प्लेटफॉर्मों पर सघन जांच की।
विशेष जांच में कुल 594 मामलों में कार्रवाई करते हुए 3,92,850 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इन मामलों में हुई कार्रवाई
- बिना टिकट यात्रा: 407 मामले, 3,20,330 रुपये जुर्माना
- अनियमित टिकट: 136 मामले, 67,030 रुपये जुर्माना
- बिना बुक लगेज: 11 मामले, 1,390 रुपये जुर्माना
- गंदगी फैलाने के मामले: 40 मामले, 4,100 रुपये जुर्माना
यात्रियों से रेलवे की अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट लेने और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने की अपील की है। साथ ही यात्रियों से रेलवे परिसरों और ट्रेनों को स्वच्छ रखने, गंदगी फैलाने तथा धूम्रपान जैसी गतिविधियों से बचने का आग्रह किया गया है।





