रायपुर। भारतीय रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नई पहल कर रहा है। रायपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द ही मोबाइल ऐप के जरिए कुली बुक करने की सुविधा शुरू की जा सकती है। इसके लिए रेल मंडल द्वारा विशेष ऐप तैयार किया जा रहा है।
ट्रेन आने से पहले ही कर सकेंगे बुकिंग
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही कुली बुक कर सकेंगे। ट्रेन के आते ही कुली सीधे संबंधित कोच और सीट तक पहुंचेंगे, जिससे यात्रियों को स्टेशन पर कुली ढूंढने की परेशानी नहीं होगी।
किराए में पारदर्शिता, ओवरचार्जिंग पर लगेगी रोक
इस ऐप में कुलियों का पूरा विवरण और तय किराया दर्ज रहेगा। इससे किराए को लेकर मोलभाव और अधिक वसूली जैसी शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है।
QR स्कैनर से हो रहा सर्वे
इस सुविधा को लागू करने से पहले रेलवे यात्रियों से फीडबैक ले रहा है। इसके लिए क्यूआर कोड स्कैन कर सर्वे कराया जा रहा है।
यात्रियों से पूछे जा रहे ये सवाल
सर्वे में यात्रियों से उनकी यात्रा की आवृत्ति, कुली सेवा के उपयोग, कुली ढूंढने में होने वाली परेशानी, तय किराए से अधिक वसूली, ऑनलाइन बुकिंग से समय बचत और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर राय ली जा रही है।
यह पहल लागू होने के बाद रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी सेवा मिलने की उम्मीद है।





