March 3, 2026

रायपुर रेलवे स्टेशन में यात्री से चाकू से हमला कर लूट, नकदी और मोबाइल लेकर फरार बदमाश

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन में ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री के साथ मारपीट और लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और नकदी व मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि मामले में अब तक जीआरपी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है

ट्रेन का इंतजार कर रहा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान नहरपारा निवासी गजालुद्दीन के रूप में हुई है। वह नागपुर जाने के लिए रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवक उसके पास पहुंचे और उससे विवाद करने लगे।

विवाद के बाद चाकू से किया हमला

विवाद बढ़ते ही बदमाशों ने गजालुद्दीन के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपी युवक के पास मौजूद करीब 8 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा घायल युवक

हमले के बाद घायल गजालुद्दीन प्लेटफॉर्म पर ही गिर पड़ा। वहां मौजूद लोगों की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

घटना को लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल जीआरपी पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी