September 4, 2026

रायपुर में रेलवे ट्रैक पर रखा लोहे का पाइप, मालगाड़ी के गुजरने के दौरान मचा हड़कंप; अज्ञात आरोपी पर केस

रायपुर में रेलवे ट्रैक पर रखा लोहे का पाइप, मालगाड़ी के गुजरने के दौरान मचा हड़कंप

रायपुर। गोंदवारा ओवरब्रिज और अंडरब्रिज के बीच रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा लोहे का पाइप रखकर रेल आवागमन बाधित करने का मामला सामने आया है। घटना 18 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 827/24 बी पर हुई।

जानकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति ने रेलवे ट्रैक पर करीब 1.5 इंच मोटा और 7 फीट लंबा लोहे का पाइप रख दिया था। इसी दौरान वहां से एक मालगाड़ी गुजर रही थी। ट्रैक पर पाइप रखे होने की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई की।

रेलवे ट्रैक पर पाइप रखना गंभीर अपराध

मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 174 (सी) और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जीआरपी पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक रेलवे ट्रैक पर इस तरह की वस्तु रखना बेहद गंभीर अपराध है। इससे ट्रेन दुर्घटना होने के साथ यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गुढ़ियारी पुलिस से मांगा सहयोग

अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए जीआरपी थाना रायपुर ने गुढ़ियारी थाना पुलिस से सहयोग मांगा है। घटना स्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे ट्रैक पर पाइप किसने रखा था और इसके पीछे उसकी क्या मंशा थी। आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की भी जांच की जा रही है।