कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में वाहन स्टैंड की आड़ में संचालित हो रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापा मारकर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी पेशे से वाहन चालक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मौके से करीब 18 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित वाहन स्टैंड के पास की गई। मानिकपुर चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन स्टैंड की आड़ में कुछ लोग खुलेआम जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घेराबंदी कर आठ आरोपियों को मौके से पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 18 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शराबखोरी के भी मिले संकेत
पुलिस को कार्रवाई के दौरान वाहन स्टैंड के आसपास बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें और डिस्पोजल भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि जुआ खेलने के साथ-साथ वहां शराबखोरी भी की जाती थी। पुलिस अब इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मौके पर अवैध रूप से शराब सेवन की गतिविधियां तो नहीं चल रही थीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मानिकपुर चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से आठ लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





