रायपुर। राजधानी रायपुर में रामनवमी का पर्व आज पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के मठ और राम मंदिर आकर्षक रोशनी और सजावट से जगमगा उठे हैं। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है, वहीं शाम को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
करीब 500 साल पुराने दूधाधारी मठ और जैतूसाव मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण का विशेष अभिषेक किया जाएगा। महंत राम सुंदर दास द्वारा भगवान का स्वर्ण मुकुट से श्रृंगार किया जाएगा। वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर को विशेष सजावट से सजाया गया है, जहां शाम को आतिशबाजी भी होगी।
ब्राह्मणपारा स्थित सोहागा मंदिर में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। शाम 5:30 बजे से भक्ति प्रस्तुतियां होंगी, इसके बाद मंगल आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
शांतिनगर श्रीराम मंदिर में विशेष पूजन, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया है।
वहीं समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में रामनवमी पर महापूर्णाहुति के साथ पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ जारी है, जिसमें श्रद्धालु जनकल्याण और राष्ट्र कल्याण की कामना कर रहे हैं।





