May 13, 2026

Raipur News : रावाभाठा में संदिग्ध सामग्री मिलने पर सियासत तेज, डिप्टी CM और कांग्रेस आमने-सामने

राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। घटना को लेकर डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।

डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद विपक्षी दल प्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी नापाक हरकत का कड़ा जवाब दिया जाएगा।

वहीं पूर्व पीसीसी चीफ धनेंद्र साहू ने सरकार पर पलटवार करते हुए कहा कि सरकार “शुतुरमुर्ग की तरह व्यवहार” कर रही है और हर मामले में कांग्रेस को दोषी ठहराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया।

क्या है पूरा मामला?
रावाभाठा क्षेत्र के वार्ड नंबर-13 में मितानिन पुष्पा साहू के घर एक संदिग्ध बैग मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बीरगांव निवासी विनय देवांगन नामक व्यक्ति यह बैग कुछ समय के लिए रखने की बात कहकर वहां छोड़ गया था।

बाद में घरवालों को बैग पर शक हुआ, जिसके बाद स्थानीय पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी गई। बैग खोलने पर उसमें बैटरी, तार, एयरगन, संदिग्ध केमिकल की बोतलें और डेटोनेटर जैसे उपकरण मिलने की बात सामने आई।

सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर संदिग्ध सामग्री जब्त कर ली है।

फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले में विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बरामद सामग्री के वास्तविक उद्देश्य का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।