रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बघेलखंड क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात के रूप में रायपुर से रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू की जा रही है। एलायंस एयर की यह सेवा 17 मार्च से शुरू होगी। पहली फ्लाइट से मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा से रायपुर पहुंचेंगे।
मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राजेंद्र शुक्ल शाम 5 बजे रीवा से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 6:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से शाम 7 बजे वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर के लिए रवाना होंगे। मंदिर में दर्शन के बाद शाम 7:35 बजे क्वींस क्लब में आयोजित विंध्य समाज के सम्मान समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद रात 9:35 बजे सैल्स टैक्स कॉलोनी पहुंचकर संजीव तिवारी के निवास पर रात्रि भोज करेंगे। अगले दिन सुबह 10:15 बजे नालंदा परिसर का अवलोकन करेंगे। सुबह 11:15 बजे शंकर नगर स्थित स्पीकर हाउस में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात करेंगे। दोपहर 12:05 बजे पहुना गेस्ट हाउस में विंध्य क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और 3:15 बजे भोपाल के लिए उड़ान भरेंगे।
मध्यप्रदेश का तीसरा शहर बना रीवा
रायपुर से हवाई सेवा पाने वाला रीवा मध्यप्रदेश का तीसरा शहर बन गया है। इससे पहले छत्तीसगढ़ से भोपाल और इंदौर के लिए हवाई सेवाएं पहले से उपलब्ध हैं। नई फ्लाइट के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि रायपुर से रीवा के लिए किराया लगभग 3,614 रुपये और रीवा से रायपुर के लिए 4,293 रुपये तय किया गया है, जो सीटों की उपलब्धता और मांग के अनुसार बढ़ या घट सकता है।
सप्ताह में तीन दिन उड़ान
एलायंस एयर की ओर से फिलहाल यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन—मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
दिल्ली से जुड़ेगा फ्लाइट रूट
एयरलाइन के अनुसार दिल्ली से आने वाली फ्लाइट पहले रीवा पहुंचेगी और उसके बाद रायपुर के लिए रवाना होगी। वहीं रायपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी पहले रीवा में रुकेगी और फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।





