March 3, 2026

रायपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर भाजपा विधायक सुनील सोनी ने सदन में परिवहन मंत्री से मांगा जवाब

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। अब केवल दुर्घटनाओं का होना ही नहीं, बल्कि उनमें मरने और घायल होने वालों की संख्या लोगों को चिंतित कर रही है। भाजपा विधायक सुनील सोनी ने इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में परिवहन मंत्री केदार कश्यप को घेरा।

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुनील सोनी ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि बीते एक वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में कितनी मौतें हुई हैं और रोकथाम के लिए क्या मास्टर प्लान बनाया गया है।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने इस पर जानकारी देते हुए कहा कि बीते साल में कुल 6,898 मौतें हुई हैं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं और राजधानी रायपुर में यातायात सुधार हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा राजधानी में सुगम परिवहन व्यवस्था को लेकर भी विधायक ने मंत्री को घेरा। सुनील सोनी ने सवाल किया कि राजधानी में कितनी सिटी बसें चल रही हैं और राजधानीवासियों को सस्ता परिवहन क्यों नहीं मिल पा रहा है। इस पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप सीधे जवाब नहीं दे पाए और कहा कि आवश्यक जानकारी लेकर बाद में उपलब्ध कराई जाएगी।

इस चर्चा से स्पष्ट है कि सड़क सुरक्षा और राजधानी में बेहतर परिवहन व्यवस्था जैसे मुद्दे अभी भी नागरिकों और विधायक दोनों के लिए संवेदनशील बने हुए हैं।