March 4, 2026

Raipur Road Scam? करोड़ों की सड़क एक साल में उखड़ी, डामर की परत चादर की तरह खिसकी

रायपुर। राजधानी रायपुर में पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। महज एक साल पहले करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क अब उखड़ने लगी है। डामर की परत चादर की तरह खिसक रही है और जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।

मामला कौशल्या विहार (पूर्व में कमल विहार) गेट के सामने डुमरतराई सब्जी बाजार से फुंडहर जाने वाली सड़क का है, जहां सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है।


💸 फरवरी 2025 में बनी थी 2 करोड़ से ज्यादा की सड़क

मिली जानकारी के अनुसार, इस सड़क का निर्माण फरवरी 2025 में किया गया था और इस पर 2 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए थे। लेकिन कुछ ही महीनों में सड़क की परत उखड़ने लगी और डामर बहने जैसा हाल हो गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़क और ज्यादा खराब हो गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।


⚠️ हादसों का बढ़ा खतरा

सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उखड़ी परत के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन फिसलने लगे हैं। खासकर रात के समय यहां दुर्घटना की आशंका ज्यादा बनी रहती है। लोगों ने विभाग पर घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।


🛠️ शिकायत के बाद हरकत में आया पीडब्ल्यूडी

जब बदहाल सड़क का मामला सामने आया, तो पीडब्ल्यूडी अधिकारी आनन-फानन में मरम्मत कार्य में जुट गए। सड़क खोदकर कुछ ही घंटों में दोबारा डामरीकरण कर दिया गया।


🗣️ पीडब्ल्यूडी अधिकारी का बयान

लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत करते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारी आशीष नागपुरे ने कहा—

“रोड को दोबारा बनाया जा रहा है। रफनेस खत्म करने के लिए इसे ठीक किया जा रहा है। अगर रोड को ऐसे ही छोड़ देते तो एक्सीडेंट की संभावना थी। जहां-जहां दिक्कत है, वहां सुधार कर फिर से डामर डालकर रोड को प्लेन किया जा रहा है।”


❓ गुणवत्ता पर उठे सवाल

करोड़ों की लागत से बनी सड़क का इतने कम समय में खराब होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि विभाग सिर्फ पैचवर्क करता है या ठेकेदार पर कार्रवाई भी करता है।