रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में अनुचित साधनों का इस्तेमाल कर नकल करने के आरोप में रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है। आरोपी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन छिपाकर ले गया था और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें खींच रहा था। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
संदिग्ध गतिविधि पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना (iON Digital Zone, Sarona) स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसकी निगरानी बढ़ा दी गई।
अंडरगारमेंट में छिपाकर लाया था मोबाइल
सीसीटीवी फुटेज और जांच में सामने आया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था और कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों के फोटो खींच रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था और इसी तरीके से परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया।
मोबाइल में मिले परीक्षा के प्रश्नों के फोटो
पुलिस ने जब्त मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं। इन तस्वीरों का परीक्षा में प्रदर्शित वास्तविक प्रश्नों से मिलान किया गया, जो पूरी तरह मेल खाती पाई गईं। इसके बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।
नागपुर निवासी आरोपी गिरफ्तार
प्रार्थी की शिकायत पर थाना डीडी नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर निवासी अफताब (28 वर्ष), पिता गुलाम मोहम्मद को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।
आगे की जांच जारी
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कृत्य अकेले किया या इसके पीछे किसी संगठित गिरोह या सॉल्वर नेटवर्क की भूमिका है।





