रायपुर। राजधानी रायपुर में संदिग्ध पार्सल से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में दबिश देकर पार्सल से 16 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय से कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में संदिग्ध वस्तु हो सकती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
इसके बाद न्यू राजेन्द्र नगर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यालय की तलाशी ली। इस दौरान तीन सफेद बोरों में भारी मात्रा में करेंसी नोट बरामद हुए। इनमें 20 रुपये के 400 बंडल और 10 रुपये के 800 बंडल शामिल हैं, जिनकी कुल राशि 16 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने संदिग्ध नकदी को जब्त कर बीएनएसएस की धारा 106 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह राशि किसकी है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।





