रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में रेलवे से जुड़ी अधोसंरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना राज्य के रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों को भी पूरा करेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों के संचालन में दक्षता बढ़ेगी, जिससे रेलवे परिचालन अधिक सुगम और प्रभावी बन सकेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को नई गति प्रदान करेगी।





