रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में राजधानी रायपुर के RTO कार्यालय में ACB की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी डेटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन ने एक फाइनेंस वाहन का नाम ट्रांसफर कराने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और पूरे मामले की निगरानी की।
कार्रवाई के दौरान जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी चोला मंडलम फाइनेंस से संबंधित वाहन के दस्तावेज तैयार करने के नाम पर पैसे ले रहा था।
फिलहाल ACB की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





