March 4, 2026

रायपुर : सफाई कर्मियों को श्रम विभाग की योजनाओं से जोड़ा जाएगा, पंजीयन के लिए सभी निकायों को निर्देश

रायपुर | 09 फरवरी 2026

प्रदेशभर के नगरीय निकायों में कार्यरत सफाई कर्मकारों को अब श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव के निर्देश पर नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों को पत्र जारी कर पात्र सफाई कर्मियों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए हैं।

जारी परिपत्र के अनुसार जो सफाई कर्मकार ईएसआईसी एवं ईपीएफ के दायरे में नहीं आते हैं, उनका पंजीयन असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल में किया जाएगा। पंजीयन श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in अथवा मोबाइल एप “श्रमेव जयते” के माध्यम से किया जा सकेगा।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि सफाई कर्मी शहरों की स्वच्छता की रीढ़ हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और समग्र कल्याण राज्य सरकार की प्राथमिकता है ताकि कोई भी पात्र कर्मी योजनाओं से वंचित न रहे।

मंडल के अंतर्गत पंजीकृत सफाई कर्मकारों और उनके आश्रितों को कुल 9 योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जिनमें महतारी जतन योजना, मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, उपकरण सहायता, कौशल उन्नयन, गंभीर बीमारी चिकित्सा सहायता, श्रम अन्न योजना, बच्चों की कोचिंग, साइकिल सहायता एवं छात्रवृत्ति योजना शामिल हैं।