रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ओवरब्रिज पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक दो हिस्सों में टूट गया और उसका मलबा सड़क पर दूर-दूर तक फैल गया। घटना के बाद ओवरब्रिज पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर ट्रक के टूटे हिस्से और बिखरे सामान के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित करने के साथ क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने का अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ट्रक हटाकर यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास कर रहा है।





