September 4, 2026

CG Crime: रायपुर SBI की NIT शाखा में बड़ी सेंधमारी की कोशिश, स्ट्रांग रूम तक पहुंचे चोर; कैश बचा

रायपुर। राजधानी रायपुर में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की NIT शाखा में अज्ञात चोरों ने बड़ी सेंधमारी की कोशिश की। चोर खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक के अंदर दाखिल हुए और स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। हालांकि, वे बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम चोरी करने में सफल नहीं हो सके।

खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में घुसे चोर

जानकारी के मुताबिक, चोरों ने पहले बैंक मैनेजर के केबिन को निशाना बनाया। यहां से उन्होंने CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD चोरी कर लिए। इसके बाद चोर स्ट्रांग रूम की ओर बढ़े।

स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के लिए चोरों ने ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए। इसके बाद उन्होंने लॉकर रूम में प्रवेश करने की कोशिश की। लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला टूटा हुआ मिला, लेकिन चोर लॉकर तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सके।

इस वजह से बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम सुरक्षित बच गई।

CCTV कैमरे तोड़े, तार भी काटे

वारदात के दौरान चोरों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया। इसके अलावा कैमरों के तार काटकर CCTV सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आशंका है कि चोरों ने पहचान और वारदात से जुड़े सबूत मिटाने के लिए ऐसा किया।

बैंक में सेंधमारी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ BNS की धारा 305, 324(4) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में कितने आरोपी शामिल थे और वे बैंक के अंदर किस रास्ते से दाखिल हुए थे।