रायपुर: राजधानी रायपुर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे दो मासूम बच्चे सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह दर्दनाक दुर्घटना शहर के पॉश इलाके में स्थित छत्तीसगढ़ क्लब के ठीक सामने हुई। टक्कर में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है। घायल बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि बच्चों को कुचलने वाला वाहन ट्रैफिक पुलिस की टोइंग गाड़ी (क्रेन) था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की इस गाड़ी ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। घटना की जांच जारी है और पुलिस ने कहा है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





