September 4, 2026

रायपुर में नाली में फंसी स्कॉर्पियो से 5 क्विंटल गांजा बरामद, ड्राइवर फरार; कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो कार नाली में फंस गई। शक होने पर स्थानीय लोगों ने वाहन की तलाशी ली, तो उसमें करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। गांजे की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

नाली में फंसी स्कॉर्पियो, तलाशी में मिला गांजा

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह महासमुंद पासिंग की सफेद स्कॉर्पियो (CG 06 HE 9900) मोहल्ले की नाली में फंस गई थी। वाहन के फंसने के बाद ड्राइवर घबरा गया और मौके से फरार हो गया।

ड्राइवर के व्यवहार पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। इसके बाद लोगों ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने वाहन और गांजा किया जब्त

सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो समेत गांजा जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं वाहन चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

राजधानी में इतनी बड़ी खेप पहुंचने पर सवाल

इस घटना के बाद राजधानी की सुरक्षा और चेकिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। आखिर 5 क्विंटल गांजे की इतनी बड़ी खेप राजधानी रायपुर तक कैसे पहुंची? क्या रास्ते में किसी चेकिंग प्वाइंट पर वाहन की जांच नहीं हुई? पुलिस अब गांजे के स्रोत और इसे रायपुर तक पहुंचाने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।