राजधानी रायपुर में शिक्षा विभाग ने अपने पहले जारी आदेश को संशोधित करते हुए परीक्षा संचालन को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ की ओर से जारी ताजा आदेश के अनुसार अब निजी स्कूल अपनी लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं स्वयं आयोजित कर सकेंगे।
इससे पहले जारी आदेश में जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी स्कूलों की परीक्षाएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए थे, जिससे निजी स्कूलों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। नए संशोधित आदेश के बाद यह स्पष्ट कर दिया गया है कि निजी स्कूलों की लोकल कक्षाओं की परीक्षाओं का संचालन स्कूल प्रबंधन द्वारा ही किया जाएगा।
वहीं, शासकीय स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की परीक्षाओं की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारियों को दी गई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में यह बदलाव स्कूलों और प्रशासन दोनों के लिए स्थिति को स्पष्ट और सुव्यवस्थित करेगा।
निजी स्कूलों के लिए राहत की खबर यह है कि अब उन्हें अपनी परीक्षाओं के संचालन में स्वतंत्रता प्राप्त हो गई है, जबकि शासकीय और आत्मानंद स्कूलों की परीक्षाएं जिला स्तर से नियंत्रित और संचालित की जाएंगी।







