17 प्रकरणों पर सुनवाई, 6 मामलों में आदेश जारी करने के निर्देश
रायपुर, 12 फरवरी 2026।
आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर स्थित आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान के सभाकक्ष में उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जाति प्रमाण पत्र एवं सामाजिक प्रस्थिति से जुड़े मामलों पर विस्तृत समीक्षा और सुनवाई की गई।
आज की बैठक में कुल 17 प्रकरणों पर विचार किया गया। इनमें से जाति जांच से संबंधित 12 प्रकरणों में पक्षकार उपस्थित हुए। समिति द्वारा 06 प्रकरणों की सुनवाई पूर्ण कर आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए।
वहीं 05 प्रकरणों में जाति प्रमाण पत्र धारकों को अंतिम अवसर देते हुए अगली बैठक में प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने को कहा गया। 01 प्रकरण में विजिलेंस टीम को पुनः स्थल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 05 प्रकरणों में पक्षकार अनुपस्थित रहे।
बैठक में आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, टीआरटीआई संचालक श्रीमती हिना अनिमेष नेताम, लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक श्री ऋतुराज रघुवंशी, संचालक भू-अभिलेख श्री विनीत नंदनवार, संयुक्त संचालक टीआरटीआई श्रीमती गायत्री नेताम सहित समिति के अन्य सदस्य एवं जाति जांच प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि उच्च स्तरीय प्रमाणीकरण छानबीन समिति द्वारा नियमित रूप से बैठक आयोजित कर जाति प्रमाण पत्रों से जुड़े प्रकरणों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। सर्वोच्च एवं उच्च न्यायालय से संबद्ध मामलों पर भी नियमानुसार सुनवाई कर शीघ्र निर्णय सुनिश्चित किया जा रहा है। समिति अर्द्ध न्यायिक स्वरूप में कार्य करते हुए सामाजिक प्रस्थिति प्रमाणीकरण से जुड़े मामलों में न्यायसंगत निर्णय दे रही है।





