July 31, 2026

भाई की मौत का रहस्य बताने के नाम पर 40 लाख की ठगी, तांत्रिक के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर। भाई की संदिग्ध मौत का राज बताने और तांत्रिक क्रियाओं के जरिए सच्चाई उजागर करने का दावा कर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। खम्हारडीह थाना पुलिस ने रायपुर के कथित तांत्रिक नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गाजियाबाद निवासी डॉक्टर त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के पीछे की सच्चाई जानने की इच्छा से उन्होंने नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया। आरोप है कि आरोपी ने विशेष पूजा-पाठ, तांत्रिक साधना और अनुष्ठान के माध्यम से मौत का रहस्य बताने का भरोसा दिलाया।

40 लाख रुपये और वाहन हड़पने का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी बहाने आरोपी ने उनसे करीब 40 लाख रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, एक एक्सयूवी (XUV) वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया। लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिलने पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने तंत्र-मंत्र, चमत्कार या विशेष साधना के नाम पर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है या नहीं।

आरोपी पहले से जेल में बंद

गौरतलब है कि जिस नरेंद्र नयन शास्त्री को इस मामले में आरोपी बनाया गया है, वह फिलहाल एक अन्य मामले में जेल में बंद बताया जा रहा है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।