March 3, 2026

रायपुर तहसील कार्यालय में वकीलों का हंगामा, नकल कॉपी विवाद पर जांच का ऐलान

रायपुर। राजधानी रायपुर के तहसील कार्यालय में वकीलों द्वारा नकल कॉपी न मिलने पर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया। बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार की है।

जानकारी के अनुसार, कुछ वकील हाईकोर्ट में अपील दायर करने के लिए तहसील कोर्ट से दस्तावेजों की नकल कॉपी मांग रहे थे। आरोप है कि समय पर कॉपी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे नाराज वकीलों ने तहसील कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों के साथ कथित बदसलूकी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।

वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब उनके जूनियर वकील को तहसील कार्यालय में बिना पैसे के काम करने से मना किया गया। त्रिपाठी ने कहा कि यहां वसूली का धंधा चल रहा है और जनता को परेशान किया जा रहा है।

इस मामले की जांच के बारे में SDM नंद कुमार चौबे ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और वकीलों को शिकायत सीधे तहसीलदार या उनके संज्ञान में लानी चाहिए थी।