July 30, 2026

रायपुर | टेकारी गांव में खार से मिला अज्ञात शव, हत्या की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र के अंतर्गत टेकारी गांव के खार इलाके में एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत और हड़कंप का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने खार में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में शव 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिससे हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।

विधानसभा थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है।