रायपुर। राजधानी रायपुर में पिछले 12 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर शव मिलने से सनसनी फैल गई है। खमतराई और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में सामने आए इन मामलों ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शुरुआती जांच में तीनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
WRS कॉलोनी में युवक की बेरहमी से हत्या
खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक अज्ञात युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी भारी पत्थर से सिर कुचलकर की गई है।
मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हालांकि उसके दाहिने हाथ पर “RK सारथी” नाम का टैटू मिला है, जिसके आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है।
मेटल पार्क में मिला 4-5 दिन पुराना शव
खमतराई थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में एक अन्य अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक शव लगभग चार से पांच दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल चुका है, जिससे पहचान में मुश्किल आ रही है।
जांच के दौरान मृतक के शरीर पर “चांदनी” नाम का टैटू मिला है। पुलिस इसे भी संदिग्ध मौत मानते हुए हत्या के एंगल से जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर मृतक की पहचान करने का प्रयास जारी है।
भाठागांव में रिंग रोड किनारे मिला शव
तीसरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव इलाके से सामने आया है। यहां रिंग रोड किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
फिलहाल मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
सभी मामलों की जांच में जुटी पुलिस
लगातार तीन शव मिलने की घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों की पहचान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल तीनों मामलों में हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।





