रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संतोषी नगर इलाके में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय कविता दास के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती रविवार रात अपने प्रेमी के घर उससे मिलने गई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने उसी घर में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती शादी के लिए दबाव बनाए जाने से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।





