March 5, 2026

Raipur Today: CM विष्णु देव साय का जशपुर दौरा, कैबिनेट मीटिंग से लेकर विरोध प्रदर्शन तक कई बड़े कार्यक्रम

रायपुर:
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बुधवार 4 फरवरी को जशपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री दिन की शुरुआत मंत्रिपरिषद की बैठक से करेंगे। राजधानी रायपुर में आज राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर कई अहम कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री साय सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक मंत्रिपरिषद की बैठक लेंगे। इसके बाद 1:30 से 2 बजे तक विभागीय बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। 2 से 3 बजे तक उनका समय मंत्रालय में आरक्षित रहेगा। इसके बाद वे दोपहर 3:15 बजे नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय हेलीपेड से बगिया के लिए रवाना होंगे और शाम 4:40 बजे अपने गृहग्राम बगिया पहुंचेंगे।

साय कैबिनेट की होगी अहम बैठक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कुछ अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है, जिनका सीधा असर प्रदेश की नीतियों और योजनाओं पर पड़ेगा।

भाजयुमो की महत्वपूर्ण बैठक आज

भारतीय जनता युवा मोर्चा की आवश्यक बैठक आज दोपहर 12 बजे प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होगी। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की मौजूदगी रहेगी, जबकि प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल होंगे। बैठक में भाजयुमो की आगामी कार्ययोजना और केंद्रीय बजट को लेकर मिली जिम्मेदारियों की रणनीति तय की जाएगी। प्रदेशभर के पदाधिकारी इसमें भाग लेंगे।

राजधानी में कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

राजधानी रायपुर में आज जिला शहर और ग्रामीण युवा कांग्रेस केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन संसद में राहुल गांधी को गलवान संघर्ष से जुड़े मुद्दे पर बोलने से रोके जाने और सरकार द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने के विरोध में किया जा रहा है।
युवा कांग्रेस की मांगों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब, जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की पुस्तक का सार्वजनिक विमोचन और शहीद जवानों की शहादत पर सरकार की जवाबदेही शामिल है। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे राजीव गांधी चौक में होगा।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर
आयोजक: तेरापंथ महिला मंडल
स्थान: मित्तल अस्पताल लोधीपारा, मोदी अस्पताल समता कॉलोनी, देवी लक्ष्मी अस्पताल टैगोर नगर और मेकाहारा जेल रोड
समय: सुबह 9 बजे से

सामूहिक आदर्श विवाह
आयोजक: छत्तीसगढ़ हरदिहा साहू समाज, रायपुर परिक्षेत्र
स्थान: कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के पास ग्राम कांदुल स्थित सामाजिक भूमि
समय: दोपहर 12 बजे से

दर्शन एवं संगोष्ठी
पुरी के शंकराचार्यजी राजधानी रायपुर में
आयोजक: श्री सुदर्शन संस्थानम्, रावणभाठा
समय: प्रातः 8 बजे एवं शाम 6 बजे

योग क्लास
आयोजक: सत्यदर्शन योगाश्रम
स्थान: सिविल लाइन स्थित योगाश्रम भवन
समय: शाम 5 से 6 बजे तक