रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क हादसों पर लगाम लगाने और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 10 दिनों में शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर सघन चेकिंग करते हुए 614 नशेड़ी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसी कड़ी में 8 मार्च 2026 को तेलीबांधा थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान छह अलग-अलग स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 86 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान ऑडी और बीएमडब्ल्यू जैसी लग्जरी कारें भी पुलिस की पकड़ में आईं।
पुलिस के अनुसार रायपुर में हर साल सड़क दुर्घटनाओं में करीब 600 लोगों की मौत होती है। इनमें कई मामलों में दुर्घटना का प्रमुख कारण नशे की हालत में वाहन चलाना होता है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर ऐसे चालकों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और तेज रफ्तार से बचें। सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है, ताकि स्वयं के साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रहे।





