रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था संभालने के साथ पुलिसकर्मी आम लोगों की मदद के लिए भी किस तरह तत्पर रहते हैं, इसकी मिसाल महोबा बाजार चौक पर देखने को मिली। यहां ड्यूटी पर तैनात यातायात आरक्षक ने एक बुजुर्ग व्यक्ति का मोबाइल छीनकर भाग रहे आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। आरक्षक की त्वरित कार्रवाई से मोबाइल बरामद कर बुजुर्ग को वापस दिलाया गया।
बुजुर्ग को पीछे दौड़ते देख आरक्षक ने किया पीछा
दरअसल, यातायात थाना टाटीबंध में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1293 दुजराम कश्यप की ड्यूटी महोबा बाजार चौक पर लगी थी। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को हाथ में मोबाइल लेकर सरस्वती नगर थाना की ओर से तेजी से भागते देखा। उसके पीछे एक बुजुर्ग व्यक्ति भी दौड़ रहे थे और इशारा कर मदद मांग रहे थे।
स्थिति को समझते ही आरक्षक दुजराम कश्यप ने तत्काल आरोपी का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान बुजुर्ग व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गए।
मोबाइल नंबर से हुई बरामद फोन की पहचान
बुजुर्ग से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति ने उनका मोबाइल छीन लिया था और उसी मोबाइल को लेकर भाग रहा था। इसके बाद बुजुर्ग द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर कॉल कर बरामद फोन की पहचान की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोबाइल छीनकर भागने की बात स्वीकार की।
आमानाका पुलिस ने संभाली आगे की कार्रवाई
आरक्षक दुजराम कश्यप ने घटना की सूचना तत्काल आमानाका थाना पेट्रोलिंग टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना आमानाका ले गई।
आरक्षक की सतर्कता से बुजुर्ग को मिला मोबाइल
आरक्षक दुजराम कश्यप की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और साहस के चलते बुजुर्ग का मोबाइल तत्काल बरामद हो गया। इसके बाद मोबाइल उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दिया गया और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अधिकारी और कर्मचारी यातायात व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी लगातार तत्परता से काम कर रहे हैं। महोबा बाजार चौक की यह घटना पुलिस की सजगता और जिम्मेदारी की एक मिसाल बनकर सामने आई है।





