July 30, 2026

रायपुर | ड्रिंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: एक रात में 52 वाहन चालक पकड़े गए, सालभर में 3365 पर केस

रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। 7 जून 2026 की रात शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान में 52 वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।

यह अभियान पुलिस कमिश्नर और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर के 9 प्रमुख स्थानों—तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, टाटीबंध, भट्ठागांव, कालीबाड़ी, जय स्तंभ चौक, भनपुरी, पंडरी थाना के सामने सहित अन्य जगहों पर एक साथ चलाया गया।

जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण में 34 कार चालक, 11 बाइक चालक, 4 ट्रक चालक, 2 टाटा एस चालक और 1 पिकअप चालक नशे की हालत में पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रकरण भेजा जा रहा है।

यातायात पुलिस ने बताया कि इस वर्ष अब तक कुल 3365 वाहन चालकों पर ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान किसी लक्ष्य की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर अपराध है और इसके खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग को प्राथमिकता दें।