July 31, 2026

तूता गांव पर NRDA की सफाई, कहा- फिलहाल विस्थापन की कोई कार्रवाई नहीं, सिर्फ कारण बताओ नोटिस जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर के तूता गांव में अतिक्रमण हटाने की चर्चाओं के बीच नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वहां किसी प्रकार की विस्थापन या बेदखली की कार्रवाई प्रस्तावित नहीं है। प्राधिकरण के अनुसार, अभी केवल प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित लोगों को नियमानुसार कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

एनआरडीए ने बताया कि ग्राम तूता में अतिक्रमण की शिकायतों के बाद निरीक्षण कराया गया और इसके आधार पर नोटिस जारी किए गए। 2 जुलाई को गांव के प्रतिनिधियों और समाज के पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की। बैठक में सभी पक्षों के साथ संवाद कर आम सहमति से समाधान निकालने पर सहमति बनी।

प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम पंचायत की ओर से भी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के संबंध में पत्र प्राप्त हुए हैं। इसी प्रक्रिया के तहत 30 जून को 35 से अधिक परिवारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 6 जुलाई तक जवाब मांगा गया है। एनआरडीए ने कहा कि उसका उद्देश्य कानून के तहत सार्वजनिक हित में कार्य करना है और आगे की कार्रवाई नियमों एवं संवेदनशीलता के साथ की जाएगी।