July 31, 2026

Raipur News: नकटी के बाद अब तुता गांव में अतिक्रमण विवाद, 35 मकानों पर NRDA का नोटिस

रायपुर। नया रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि अब राजधानी से लगे तुता गांव में अतिक्रमण को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA) ने गांव के 35 मकानों पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए नोटिस चस्पा किया है। इससे प्रभावित परिवारों में दहशत का माहौल है।

6 जुलाई तक मांगा जवाब

NRDA ने 30 जून को जारी नोटिस में कहा है कि संबंधित मकान प्राधिकरण की जमीन पर बने हैं। नोटिस में प्रभावित लोगों को 6 जुलाई तक अपना जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों ने उठाए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 25 से 50 वर्षों से इसी स्थान पर रह रहे हैं और उनकी कई पीढ़ियां यहीं पली-बढ़ी हैं। उनका सवाल है कि यदि मकान वास्तव में अवैध थे, तो इतने वर्षों तक प्रशासन और संबंधित विभागों ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की।

फिर गरमाया अतिक्रमण का मुद्दा

नकटी गांव में हाल ही में हुई बुलडोजर कार्रवाई के बाद तुता गांव का मामला भी अब चर्चा में आ गया है। नोटिस जारी होने के बाद ग्रामीणों में भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि NRDA ग्रामीणों के जवाब के बाद आगे क्या निर्णय लेता है।