रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गर्ग एग्रो कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले एक मजदूर की उसके ही साथी ने विवाद के बाद बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
काम के दौरान हुआ विवाद, बनी हत्या की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष सोनवानी के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले का रहने वाला था। वह कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करता था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका साथी मजदूर रमाकांत तिवारी से विवाद हो गया।
हमले में मौके पर ही मौत
बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी रमाकांत तिवारी ने संतोष सोनवानी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रमाकांत तिवारी मध्यप्रदेश के सतना जिले का निवासी बताया जा रहा है।
जांच जारी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या के पीछे की पूरी वजह का खुलासा किया जाएगा।





