रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के भीतर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।
जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में टायर जलाकर डामर तैयार किया जाता है। काम के दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सैंपल कलेक्शन के दौरान वाल्व बंद नहीं होने से गर्म पदार्थ बाहर निकलकर ऑक्सीजन के संपर्क में आ गया, जिससे आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
राहत की बात यह है कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन और हादसे की जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि दो दिन पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल्स में भी भीषण आग लगी थी, जिस पर करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया था। इस घटना के बाद शहर में औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।





