रायपुर।
Raipur में बदमाश युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बर्थडे पार्टी के दौरान अधनग्न अवस्था में हथियार लहराते हुए गैंगस्टर गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
मामले को पुलिस ने संज्ञान में लिया है और जांच शुरू कर दी है।
हथियारों के साथ डांस, सोशल मीडिया पर प्रदर्शन
वायरल वीडियो में कुछ युवक हाथ में चाकू और शराब की बोतलें लेकर डांस करते दिख रहे हैं। तीन युवक बिना शर्ट के जींस में नाच रहे हैं, जबकि दो युवक केवल अंडरगारमेंट्स में नजर आ रहे हैं।
कुछ युवक अपने साथियों को कंधे पर बैठाकर हथियार लहराते हुए नाचते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो बर्थडे पार्टी के दौरान बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया।
बढ़ता ट्रेंड बना चिंता का विषय
सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ प्रदर्शन कर दहशत फैलाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। बदमाश अपनी दबंगई दिखाने के लिए इस तरह के वीडियो बनाकर पोस्ट कर रहे हैं, जो कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
पुलिस ने कहा है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। संबंधित युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





