May 15, 2026

रायपुर-विशाखापट्टनम कॉरिडोर से बदलेगा बस्तर, 4 घंटे में पूरी होगी यात्रा, खुलेगा वैश्विक व्यापार का रास्ता

रायपुर: रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-130 CD) बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के विकास की तस्वीर बदलने वाला साबित होने जा रहा है। भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा यह 6-लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बस्तर को सीधे अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह से जोड़ते हुए व्यापार और कनेक्टिविटी को नई गति देगा।

वर्तमान में जगदलपुर से विशाखापट्टनम तक की यात्रा 7 से 9 घंटे में पूरी होती है, जो कठिन घाट मार्गों से होकर गुजरती है। नए कॉरिडोर के बनने के बाद यही सफर महज 3.5 से 4 घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि परिवहन लागत में भी कमी आएगी।

इस परियोजना का अहम हिस्सा ओडिशा के नबरंगपुर स्थित दासपुर इंटरचेंज होगा, जिससे जगदलपुर सीधे इस कॉरिडोर से जुड़ सकेगा। इससे बस्तर के उत्पाद—जैसे अरेबिका कॉफी, इमली, महुआ और ढोकरा शिल्प—आसानी से विशाखापट्टनम पोर्ट तक पहुंच पाएंगे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।

कॉरिडोर से बस्तर, कांकेर और कोंडागांव जैसे क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच बेहतर होगी। साथ ही लॉजिस्टिक्स, उद्योग और सेवा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। खनिज संपदा से समृद्ध इस क्षेत्र के लिए यह परियोजना निर्यात को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

पर्यटन के लिहाज से भी यह कॉरिडोर फायदेमंद साबित होगा। चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, दंतेश्वरी मंदिर और कुतुमसर गुफाओं जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

परियोजना के तहत कांकेर जिले के केशकाल क्षेत्र में 2.79 किमी लंबी ट्विन-ट्यूब टनल भी बनाई जा रही है, जिसे पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। पूरे कॉरिडोर में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अंडरपास और ओवरपास भी बनाए जा रहे हैं।

करीब 16,491 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 464 किमी लंबा यह कॉरिडोर बस्तर को मुख्यधारा की अर्थव्यवस्था से जोड़ने का बड़ा माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने कहा कि यह परियोजना राज्य के लिए विकास का नया द्वार खोलेगी और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंच देगी। वहीं उप मुख्यमंत्री Arun Sao ने इसे प्रदेश की कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को गति देने वाला कदम बताया।