July 29, 2026

रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर बनेगा छत्तीसगढ़ की तरक्की का नया महामार्ग

रायपुर। भारत तेजी से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत आर्थिक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सड़क, रेल, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स को एकीकृत कर देश को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर को देश के सबसे महत्वपूर्ण विकास प्रोजेक्ट्स में माना जा रहा है। यह कॉरिडोर केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का प्रवेश द्वार बनने जा रहा है।

यह आर्थिक कॉरिडोर छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश को बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ेगा। इससे रायपुर समेत मध्य भारत को सीधे विशाखापट्टनम बंदरगाह तक पहुंच मिलेगी, जिससे माल परिवहन तेज, सुरक्षित और कम खर्चीला होगा। विशेषज्ञों के अनुसार इससे उद्योगों को कच्चा माल आसानी से मिलेगा और तैयार उत्पाद तेजी से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकेंगे।

विशाखापट्टनम पोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टील, खनिज, कृषि और वनोपज उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी। इससे राज्य में निर्यात गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की संभावना है।

कॉरिडोर के निर्माण से रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, कांकेर और जगदलपुर जैसे क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित होंगे। स्टील, सीमेंट, एल्युमिनियम, फूड प्रोसेसिंग और एमएसएमई सेक्टर को नई गति मिलेगी, जिससे घरेलू और विदेशी निवेश आकर्षित होगा।

इस परियोजना से रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा होंगे। सड़क निर्माण, लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग और नई औद्योगिक इकाइयों के जरिए हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलने से पलायन की समस्या कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।

बस्तर संभाग के लिए यह परियोजना विशेष रूप से परिवर्तनकारी मानी जा रही है। बेहतर सड़क संपर्क से बस्तर के वन उत्पाद, हस्तशिल्प और कृषि उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे। इससे आदिवासी समुदायों की आय बढ़ेगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कृषि क्षेत्र को भी इस कॉरिडोर से लाभ मिलेगा। बेहतर परिवहन व्यवस्था के कारण किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी और परिवहन लागत कम होने से उन्हें बेहतर मुनाफा मिलेगा।

पर्यटन क्षेत्र में भी इस परियोजना का सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी और सिरपुर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन उद्योग को नई उड़ान मिलेगी। इससे स्थानीय होटल, परिवहन और हस्तशिल्प व्यवसाय को भी फायदा होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर छत्तीसगढ़ की आर्थिक रीढ़ साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से राज्य के उद्योगों, किसानों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा बस्तर समेत पूरे प्रदेश में विकास और खुशहाली का नया दौर शुरू होगा।