रायपुर। राजधानी रायपुर में पानी की गंभीर समस्या को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन के नेतृत्व में नगर निगम जोन क्रमांक-9 कार्यालय का घेराव किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रभावित क्षेत्रों के लोग शामिल हुए।

एक महीने से ठप जल आपूर्ति
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि कापा, नहरपार, डबरीपार, गणेशनगर और चंडीनगर जैसे इलाकों में पिछले एक महीने से पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति बंद है। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें
स्थानीय महिलाओं ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उन्हें रोजाना दूर-दराज के घरों से पानी लाना पड़ रहा है। कई बार पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ता है। उन्होंने नगर निगम से टैंकरों की संख्या बढ़ाने और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
निगम को 3 दिन का अल्टीमेटम
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने कहा कि जोन क्रमांक-9 में केवल चार टैंकरों से पानी सप्लाई की जा रही है, जो पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कम से कम 10 टैंकरों की व्यवस्था करने और पाइपलाइन से नियमित जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की। साथ ही निगम प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया गया है।
आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि रायपुर के अधिकांश वार्ड पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में जल आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
निगम ने बढ़ाए टैंकर
जोन कमिश्नर राकेश शर्मा ने कहा कि समस्या को गंभीरता से लिया गया है और प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त टैंकर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही स्थिति में सुधार किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।





